
कॉलेज रोड-शिवपुरी में आरसीसी नाली, पीसीसी सड़क व ईंट सोलिंग का होगा काम
रक्सौल।(Vor desk)। नगर परिषद रक्सौल के वार्ड संख्या-19 स्थित कॉलेज रोड-शिवपुरी मोहल्ले में शुक्रवार को सड़क व नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। लंबे समय से जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या झेल रहे मोहल्लेवासियों को अब राहत की उम्मीद है। निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई।
वार्ड पार्षद सोनू कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्य के तहत आरसीसी नाली, पीसीसी सड़क और एक नंबर ईंट से सोलिंग कराई जा रही है। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण में ब्लैक गिट्टी और सोनपुर का उत्तम बालू इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के सहयोग और उनके प्रयास से काम शुरू हुआ है।

पार्षद ने कहा, “मेरा प्रयास हमेशा रहता है कि जो भी कार्य हो, पूरी ईमानदारी से किया जाए। इसके लिए मैं वचनबद्ध हूं।” उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही। सड़क व नाला बनने से मोहल्लेवासियों के साथ शिव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा होगी और बरसात में जलजमाव की समस्या कम होगी।
उन्होंने वार्डवासियों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि नगर के विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कराने का प्रयास जारी रहेगा। लक्ष्य विकसित, स्वच्छ और सुंदर नगर के साथ प्रत्येक वार्ड का समुचित विकास है।
