
47वीं वाहिनी व एफ समवाय आईसीपी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम
रक्सौल।(Vor desk)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं वाहिनी, रक्सौल तथा एफ समवाय आईसीपी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) परिसर में सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों एवं आईसीपी कर्मियों ने छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के बीच पौधरोपण जरूरी है। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है।
प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने की अपील की। एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ बल सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है।
इस अवसर पर आईसीपी मैनेजर राजीव रंजन, आईसीपी के अधिकारी एवं कर्मचारी, एसएसबी की 47वीं वाहिनी के अधिकारी, जवान एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
