
तीन सूत्री मांगों पर अड़े कर्मचारी, जन सुविधा केंद्र पर धरना-प्रदर्शन; सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
रक्सौल। (VoR Desk)। तीन सूत्री मांगों को लेकर बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (एक्टू) एवं बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चा की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आंदोलनरत कर्मचारियों ने तुमड़िया टोला स्थित नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यालय और मुख्य पथ स्थित जन सुविधा केंद्र में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। हड़ताल के चलते नगर परिषद का प्रशासनिक कार्य प्रभावित रहा, वहीं सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई।
प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरना में कॉमरेड रमाकांत आजाद सहित प्रमिला देवी, राजेश मल्लिक, विनोद मल्लिक, महेंद्र कुशवाहा, बलिराम प्रसाद यादव, विनोद कुमार साह, रवि राम, सीता देवी, सुनयना देवी और बड़ी संख्या में नियमित, दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।
धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर कुमार ने कहा कि अब ठोस निर्णय और मांगों के समाधान के बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी और सरकार की तानाशाही व तुगलकी नीतियों के खिलाफ संघर्ष और तेज किया जाएगा।
महासंघ की प्रमुख मांगों में दैनिक, संविदा एवं अस्थायी कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को सीधे नगर निकाय के अधीन लाना तथा ईएसआई, ईपीएफ, एसीपी/एमएसीपी सहित सभी वैधानिक सुविधाओं और बकाया लाभों का भुगतान शामिल है। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
