
रक्सौल।(Vor desk)। विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को रक्सौल प्रखंड के पनटोका गांव में 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के नेतृत्व में मानव तस्करी के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मानव तस्करी के प्रति सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित एजेंसियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में बच्चों ने “जो मानव व्यापार कराएगा, जेल की हवा खाएगा”, “बच्चों की मुस्कान, देश की शान” तथा “मानव व्यापार मुक्त भारत हमारा संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अभियान में मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू), नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ), हरैया थाना, रक्सौल थाना तथा भारत-नेपाल की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनकर कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है। इसकी रोकथाम केवल सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी ने मानव तस्करी के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा बाल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के शोषण, तस्करी अथवा संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा प्रयास हेल्पलाइन 9289692023 पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में एसएसबी, एएचटीयू, हरैया एवं रक्सौल थाना पुलिस, एपीएफ नेपाल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सरपंच, वार्ड सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसबी के इंस्पेक्टर कोमल सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम के सहायक उप निरीक्षक खेमराज, अरविंद द्विवेदी, शालिनी जोशी, कामनी, हरैया थाना की उप निरीक्षक बिट्टू कुमारी, एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन के शिवपूजन कुमार, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर के राज गुप्ता, अभिषेक कुमार, उमेश कुमार श्रीवास्तव, किरण वर्मा, आशीष कुमार, स्वच्छ संस्था के रंजीत सिंह एवं साबरा खातून सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने तथा जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
