Friday, July 17

रक्सौल बॉर्डर पर उज्बेकिस्तान की महिला हिरासत में, नेपाल जाने की कोशिश नाकाम; SSB और पुलिस की जांच तेज


रक्सौल। (VoR DesK)। भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल-वीरगंज स्थित मैत्री पुल के पास सुरक्षा एजेंसियों ने उज्बेकिस्तान की एक महिला नागरिक को हिरासत में लिया है। महिला नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन जांच के दौरान उसके पास नेपाल यात्रा के लिए आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद SSB और हरैया थाना पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
पासपोर्ट के आधार पर महिला की पहचान शकरजोन नुरुल्ला किज़ी बोजोरोवा (Shakarjon Nurulla Kizi Bozorova) के रूप में हुई है। वह उज्बेकिस्तान के खोरेज़्म (Khorezm) क्षेत्र की निवासी है। पासपोर्ट में उसकी जन्म तिथि 20 दिसंबर 1994 अंकित है।
पासपोर्ट के अनुसार महिला का पासपोर्ट नंबर FA0742942 है। यह 13 अक्टूबर 2019 को जारी किया गया था तथा इसकी वैधता 12 अक्टूबर 2029 तक है। यानी पासपोर्ट वैध है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में नेपाल में प्रवेश के लिए आवश्यक वैध वीजा अथवा अन्य अनुमति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। इसी कारण उसे सीमा पर रोक दिया गया।
पुलिस और SSB अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला भारत में कब और किस वीजा के माध्यम से आई, वह किन-किन राज्यों या शहरों में रही तथा नेपाल जाने का उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। उसके मोबाइल फोन, यात्रा संबंधी रिकॉर्ड और भारत में संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि महिला अकेले यात्रा कर रही थी या उसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है। आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों से भी समन्वय किया जा सकता है।

बता दे कि हाल के दिनों में रक्सौल सीमा पर विदेशी नागरिकों के पकड़े जाने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पहले उजबेकिस्तान के साथ ही यूक्रेन और बांग्लादेश सहित अन्य देशों के नागरिकों को भी अवैध रूप से सीमा पार करने के प्रयास में पकड़ा गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!