
60 ग्राम सोने के जेवर व ₹23 हजार बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
रक्सौल। (VoR DesK)
रक्सौल पुलिस ने बिजली विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता (एईई) अजीत कुमार निराला के आवास में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों युवक घर में मरम्मत का कार्य करने आए मिस्त्री थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण तथा ₹23 हजार नकद भी बरामद कर लिया है।
मरम्मत के दौरान ही रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार, सहायक कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार निराला के रक्सौल स्थित आवास पर दो मिस्त्री मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान घर में रखे ₹28 हजार नकद तथा उनकी पत्नी के करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। घटना के बाद 14 जुलाई 2026 को अजीत कुमार निराला ने रक्सौल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
संदेह के आधार पर हिरासत, पूछताछ में कबूला जुर्म
रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि घटना के बाद मरम्मत कार्य कर रहे दोनों मिस्त्रियों बीरबल कुमार एवं अभिषेक कुमार पर संदेह के आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
कचरे के ढेर से मिले गहने और नकदी
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आवासीय परिसर के बाहर कचरे के ढेर में छिपाकर रखे गए काले प्लास्टिक बैग से चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में दो सोने की चेन, चार अंगूठियां, एक जोड़ी कान का फूल सहित ₹23,000 नकद शामिल हैं। पुलिस शेष ₹5,000 नकद की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, एक का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीरबल कुमार, पिता शिवजी पटेल, निवासी चैनपुर, थाना रक्सौल तथा अभिषेक कुमार, पिता दुखी पटेल, निवासी सेमरी, थाना पलनवा, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बीरबल कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2022 में पलनवा थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
बीएनएस की धारा 305 के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या 343/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, पुअनि लालबहादुर राम तथा रक्सौल थाना के सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
