
रक्सौल ।(Vor desk)।
रक्सौल अनुमंडल को बुधवार को नए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के रूप में नीलमणि कुमार वर्मा मिले। उन्होंने अनुमंडल कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान एसडीएम मनीष कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा नए एसडीएम का भव्य स्वागत किया गया।
रक्सौल अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में निवर्तमान एसडीएम मनीष कुमार ने स्वागत किया और प्रशासनिक कार्यों का विधिवत प्रभार सौंपा।
समारोह के दौरान रक्सौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने नए अनुमंडल पदाधिकारी नीलमणि कुमार वर्मा को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अनुमंडल एवं नगर परिषद के अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद नए एसडीएम नीलमणि कुमार वर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शासन की योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाना होगी। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं बेहतर प्रशासनिक समन्वय बनाए रखने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और जनहितकारी प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
वहीं, स्थानांतरित एसडीएम मनीष कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नए एसडीएम नीलमणि कुमार वर्मा को सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
रक्सौल अनुमंडल में नए प्रशासनिक नेतृत्व के आगमन से क्षेत्र के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा जनसेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
