
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में अपराध नियंत्रण और सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद के नेतृत्व में शहर की विभिन्न ज्वेलर्स दुकानों का निरीक्षण किया गया। इससे पूर्व रक्सौल थाना परिसर में सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित कर सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यवसायियों से उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा उन्हें सतर्कता बरतने और पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख आभूषण प्रतिष्ठानों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण अभियान में एसडीपीओ मनीष आनंद के साथ रक्सौल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
अधिकारियों ने दुकानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा अलार्म सिस्टम, आगंतुकों की निगरानी व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन प्रभावी ढंग से किया जा रहा है या नहीं।

एसडीपीओ मनीष आनंद ने सर्राफा व्यवसायियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा असामान्य परिस्थिति की सूचना बिना देर किए स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने व्यवसायियों को अपने सुरक्षा उपकरणों को हमेशा सक्रिय रखने और समय-समय पर उनकी जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की सलाह भी दी।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
पुलिस की इस पहल का सर्राफा व्यवसायियों ने स्वागत किया और इसे कारोबार की सुरक्षा की दृष्टि से सकारात्मक कदम बताया।
