
नकरदेई ।(Vor desk)। नकरदेई थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान भवानीपुर मोजे गांव निवासी अजय यादव (पिता बाबूलाल यादव) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अजय यादव नकरदेई थाने में दर्ज अपहरण कांड का नामजद आरोपी था और घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। उसकी धरपकड़ के लिए स्थानीय अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी निर्गत किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
फरार अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: थानाध्यक्ष
नकरदेई थानाध्यक्ष भरत कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में वांछित और फरार चल रहे अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
