
आदापुर/दरपा ।(Vor desk)।सर्राफा व्यवसायी की सूझबूझ और अदम्य साहस ने बुधवार की देर शाम दरपा थाना क्षेत्र के गम्हरिया कला बाजार में एक बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया। हथियारबंद अपराधियों ने व्यवसायी से बैग छीनने का प्रयास किया और विफल रहने पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि व्यवसायी समय रहते पास की एक दुकान में छुप गए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। इस घटना के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अपाचे सवार चार अपराधियों ने घेरा
पुलिस के अनुसार, गम्हरिया कला बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी अनुज कुमार अपनी दुकान बंद कर देर शाम घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दो सफेद अपाचे बाइकों पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। अपराधियों ने उनके हाथ में मौजूद झोला छीनने का प्रयास किया। जब अनुज ने झोले को मजबूती से जकड़े रखा, तो अपराधियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की होने लगी।
फायरिंग कर हुए फरार
झोला छीनने में नाकाम रहने पर बौखलाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए अनुज कुमार तुरंत पास की एक अन्य दुकान में घुस गए। गोलियों की आवाज और शोर-शराब से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुटने लगे, जिन्हें अपनी ओर आता देख अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
व्यवसायी के चचेरे भाई प्रदीप साह ने बताया कि अनुज की सूझबूझ और किस्मत से यह घटना टल गई। समय रहते यदि वह दुकान के अंदर नहीं घुसते, तो कोई बड़ा अनहोनी हादसा हो सकता था। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि गम्हरिया कला बाजार में लगातार चोरी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
दहशत का माहौल, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की जांच
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी मनीष आनंद, अंचल निरीक्षक रमेश कुमार महतो और दरपा थानाध्यक्ष मनीष कुमार दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू की। बाद में डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक (FSL) टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से फायरिंग में प्रयुक्त खोखे बरामद किए हैं। डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीम अपराधियों की पहचान करने में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
