Friday, June 5

बिहार-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी का भंडाफोड़: भारतीय युवक समेत दो गिरफ्तार, ब्राउन शुगर बरामद



रक्सौल/वीरगंज।(vor desk)। नेपाल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के समीप मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर प्रहार किया है। जिला बारा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खेप के साथ एक भारतीय नागरिक और एक नेपाली युवक को धर दबोचा। मामले में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
बैरनिया बाजार में जाल बिछाकर की कार्रवाई
पुलिस को 4 जून, 2026 को दोपहर 2 बजे सटीक जानकारी मिली थी कि बारा जिले के बिश्रामपुर गांवपालिका वार्ड नंबर-2 स्थित बैरनिया बाजार में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर तत्काल हरकत में आते हुए इलाका पुलिस कार्यालय प्रसौनी, बीरगंज स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और इलाका पुलिस कार्यालय छतवा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की।
हाफ पैंट की जेब में छिपाकर ले जा रहे थे ड्रग्स
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि भारतीय युवक राकेश कुमार साह के काली हाफ पैंट की जेब में सफेद प्लास्टिक में लिपटी हुई 17 ग्राम 390 मिलीग्राम ब्राउन शुगर जैसा पाउडर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने तस्करों की ‘हीरो स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल (नंबर- BR05BT3756) को भी कब्जे में ले लिया है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों में मोतिहारी (भारत) के हरपुर पंचायत निवासी 21 वर्षीय राकेश कुमार साह (पिता- ब्रमदेव साह) और पर्सा जिले के जगरनाथपुर (नेपाल) निवासी 20 वर्षीय अजित मगीझा (पिता- राम मगीझा) शामिल हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए सूचना अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक मिन बहादुर घले ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ब्राउन शुगर की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन से अन्य बड़े तस्कर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!