Monday, May 4

आदापुर गोलीकांड का खुलासा: व्यवसायी से लूट और फायरिंग करने वाले 04 शातिर अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार

रक्सौल /आदापुर।(पूर्वी चंपारण)(Vor desk)।पूर्वी चंपारण पुलिस ने सीमावर्ती आदापुर थाना क्षेत्र में किराना व्यवसायी से हुई लूट और गोलीबारी की घटना का सफल खुलासा करते हुए गिरोह के चार मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, रविवार 03 मई 2026 को हरपुर थाना क्षेत्र के कचहरी कचरा भवन के पास छापेमारी कर पुलिस ने इन अपराधियों को उस समय दबोचा, जब वे एक और बड़ी लूट की योजना बना रहे थे।

दबिश और बरामदगी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 9-10 अपराधी संगठित होकर डकैती की साजिश रच रहे हैं। रक्सौल के अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घेराबंदी कर चार अपराधियों को पकड़ा, जबकि अन्य भागने में सफल रहे। इनके पास से पुलिस ने 01 देसी पिस्टल, 01 जिंदा कारतूस, 02 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

अपराधियों की पहचान और कबूलनामा

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नूर आलम उर्फ सिबुल, सहजाद अंसारी, समीर अंसारी (तीनों श्यामपुर बाजार, आदापुर) और अनवर आलम (हरपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन अपराधियों ने आदापुर में किराना व्यवसायी को निशाना बनाने, लूटपाट और विरोध करने पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। गिरोह का मुख्य सदस्य नूर आलम उर्फ सिबुल पहले भी नेपाल (वीरगंज) की जेल में सजा काट चुका है और इस पर आदापुर थाने में लूट व रंगदारी के कई मामले (कांड सं. 143/26 व 145/26) दर्ज हैं।

पुलिस टीम की तत्परता

इस सफल कार्रवाई में आदापुर पर्यवेक्षी थाना के पुलिस इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो, हरपुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी, आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और एसटीएफ मोतिहारी की टीम शामिल थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध पर लगाम लगेगी। फिलहाल, गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की तलाश में सघन छापेमारी जारी है।(रिपोर्ट:श्यामल प्रतिक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!