
रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल-भारत सीमा स्थित वीरगंज बॉर्डर क्षेत्र से पुलिस ने नशीले पदार्थ गांजा के साथ चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। नेपाल से भारत की ओर पैदल जा रहे इन व्यक्तियों को पुलिस ने उनके शरीर में छिपाकर रखी गई गांजा की खेप के साथ पकड़ा।
पर्सा जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया निवासी शफी अहमद(35), मझौलिया निवासी विनय ठाकुर(33), नौरंगाबाद निवासी मुकीम मियां (30)और बेतिया के मीना बाजार निवासी मोहम्मद इकबाल(28) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इन चारों को वीरगंज के शंकराचार्य गेट के पास संदेह होने पर रोका था। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पेट और छाती के हिस्से में प्लास्टिक में लपेटकर बांधा गया कुल 6 किलो 18 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पर्सा जिला के डीएसपी हरि बहादुर बस्नेत ने जानकारी दी है कि चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर स्वापक औषधि नियंत्रण कानून के तहत आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
