
रक्सौल।(Vor desk)। दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम की प्रतिमूर्ति ऋषुश्यामली ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (RO/ARO) परीक्षा में पूरे प्रदेश में 7वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और रक्सौल शहर का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कठिन परिस्थितियाँ और सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते।
रक्सौल नगर परिषद के पूर्व प्रधान लिपिक श्याम नंदन पाण्डेय की पौत्री और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जाने-माने पत्रकार संजीव कौशिक की सुपुत्री ऋषुश्यामली की शुरुआती शिक्षा रक्सौल के विद्या विहार हाई स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली के सर्वोदय विद्यालय, आर.के. पुरम से 12वीं की परीक्षा न केवल उत्तीर्ण की, बल्कि वहां की टॉपर भी रहीं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने वर्ष 2018 में दिल्ली विश्वविद्यालय के मोती लाल नेहरू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
ऋषुश्यामली के लिए सफलता का यह सफर आसान नहीं था। उन्होंने अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कोविड-19 लॉकडाउन के चुनौतीपूर्ण समय में शुरू की थी। उस दौरान संसाधनों का अभाव और आर्थिक कठिनाइयां एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आईं, लेकिन उन्होंने नकारात्मकता को हावी होने देने के बजाय अपनी आंतरिक शक्ति को पहचाना और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और नियमित अभ्यास ही किसी भी बड़ी सफलता की असली कुंजी है।
अपनी शानदार सफलता का श्रेय ऋषुश्यामली अपने शिक्षकों और परिवार के सहयोग को देती हैं। विशेष रूप से वह अपनी माँ को अपना सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत मानती हैं, जिन्होंने एक ट्यूशन टीचर के रूप में शिक्षा के महत्व को समझा और विषम परिस्थितियों में भी अपने बच्चों को आगे बढ़ाया। उनकी माँ के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि आज ऋषु का भाई त्रिवेंद्रम सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है और अब बेटी ने भी उत्तर प्रदेश में शीर्ष अधिकारी बनकर परिवार का सपना साकार कर दिया है। ऋषु की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
