Thursday, April 23

अखिलेश दयाल बने कांग्रेस के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिलाध्यक्ष, समर्थकों में भारी उत्साह

रक्सौल/मोतिहारी।(Vor desk)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने बिहार में संगठनात्मक मजबूती के लिए बड़ा फेरबदल करते हुए रक्सौल के जुझारू युवा नेता प्रोफेसर अखिलेश दयाल को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक सूची में अखिलेश दयाल के नाम पर मुहर लगते ही जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

संगठन सृजन अभियान के तहत हुई नियुक्ति

कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत यह नियुक्ति की गई है। एआईसीसी (AICC) पर्यवेक्षकों की विस्तृत रिपोर्ट और वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा के बाद अखिलेश दयाल की निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके रक्सौल स्थित आवास और मोतिहारी जिला मुख्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

जमीनी स्तर से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

प्रोफेसर अखिलेश दयाल का राजनीतिक सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। रक्सौल के वार्ड संख्या 18, छोटा परेउवा के निवासी अखिलेश दयाल ने 2004 में एनएसयूआई (NSUI) के कॉलेज अध्यक्ष के रूप में राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने नगर अध्यक्ष, दो बार निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष (युवा कांग्रेस) और बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी कार्यक्षमता सिद्ध की। वे अत्यंत पिछड़ा वर्ग (चन्द्रवंशी) से आते हैं और एम.ए., पीएचडी तथा एलएलबी जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता रखते हैं।

चुनावी प्रबंधन और सामाजिक कार्यों में अग्रणी

अखिलेश दयाल न केवल बिहार, बल्कि गोवा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों के चुनावों में भी पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनका परिवार भी सार्वजनिक सेवा में समर्पित है; उनकी माता श्रीमती सुगंधी देवी नगर पार्षद और धर्मपत्नी श्रीमती खुशबू दयाल वर्तमान में पूर्वनगर पार्षद के रूप में जनता की सेवा कर रही हैं। सामाजिक क्षेत्र में वे 2005 से लगातार ‘राजीव गांधी प्रतिभा पुरस्कार’ और ‘इंदिरा गांधी प्रतिभा पुरस्कार’ का आयोजन कर रहे हैं, साथ ही सैकड़ों बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा और लेप्रोसी अस्पताल को गोद लेने जैसे पुनीत कार्य भी कर रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को बधाई देते हुए एमएलसी महेश्वर प्रसाद सिंह,पूर्व जिलाध्यक्ष ई शशिभूषण सिंह उर्फ गप्पू राय,ब्रज भूषण पांडे ,मनोरंजन तिवारी सहितस्थानीय नेताओं ने कहा कि अखिलेश दयाल के नेतृत्व में पूर्वी चंपारण में कांग्रेस एक नई ऊर्जा के साथ उभरेगी। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ और मिलनसार स्वभाव का लाभ आगामी चुनावों में पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!