Thursday, April 23

रक्सौल के भरतमही में बसवारी से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

रक्सौल। (Vor desk)। रक्सौल प्रखंड के पंटोका पंचायत अंतर्गत भरतमही गांव के सरेह स्थित एक बसवारी में रविवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव बांस के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता हुआ देखा। मृतक की पहचान एकडेरवा ग्राम निवासी पुनदेव दास के पुत्र जय दास के रूप में की गई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह जब कुछ ग्रामीण दैनिक कार्यों के लिए सरेह की ओर गए थे, तभी उनकी नजर बसवारी में फंदे से झूलते जय दास के शव पर पड़ी। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही हरैया थाना अध्यक्ष किशन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को फंदे से नीचे उतरवाया और कागजी कार्यवाही पूरी कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।

​पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों सहित परिजनों से भी पूछताछ की है ताकि मौत के कारणों का सुराग मिल सके। हालांकि प्राथमिक दृष्टि में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी निश्चित निष्कर्ष पर पहुँचने से इनकार किया है। हरैया पुलिस सभी संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

​थाना अध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। फिलहाल इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!