
भारत-नेपाल के प्रधानमंत्री ने दिल्ली में किया था रेल सेवा का उद्घाटन, सीमावर्ती क्षेत्र में खुशी की लहर; जानकी मंदिर और अयोध्या धाम को जोड़ेगी साप्ताहिक ट्रेन
रक्सौल, (Vor Desk)। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई रेल कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और माता जानकी की नगरी जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने 25 नवंबर को ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत 28 नवंबर से जनकपुर धाम से तथा 30 नवंबर से अयोध्या कैंट से इस साप्ताहिक ट्रेन का परिचालन शुरू होगा।
गौरतलब है कि भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री ने दिल्ली में इस रेल सेवा का उद्घाटन किया था। उद्घाटन यात्रा में दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की भी भागीदारी रही थी। इस ऐतिहासिक पहल को लेकर रक्सौल, वीरगंज, जनकपुर, सीतामढ़ी समेत सीमावर्ती इलाकों में उत्साह है। लोगों को उम्मीद है कि इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आम लोगों की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा।
रक्सौल में रात 9:35 बजे पहुंचेगी ट्रेन
रेलवे के जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह जय नगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए रविवार सुबह अयोध्या धाम पहुंचेगी। रक्सौल में इसका आगमन रात 9:35 बजे और प्रस्थान 9:40 बजे निर्धारित है। अयोध्या धाम में सुबह 7:25 बजे पहुंचकर 7:30 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे खुलेगी। अयोध्या धाम से शाम 6:20 बजे पहुंचेगी और 6:25 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन मंगलवार को रक्सौल में रात 3:10 बजे पहुंचकर 3:15 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद नरकटियागंज, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी।
17 कोच की होगी ट्रेन
रेलवे के आदेश के अनुसार ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें एलएससीएन, एलएसीसीएन, एलएसीसीएनई, एलएसीसीडब्ल्यू और अन्य श्रेणियों के कोच शामिल हैं। ट्रेन की प्राथमिक मेंटेनेंस व्यवस्था रक्सौल में निर्धारित की गई है। भारतीय रेलखंड में इसका संचालन डीजल और इलेक्ट्रिक दोनों प्रकार के ट्रैक्शन से होगा।
इस रेल सेवा से अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि और जनकपुर स्थित जानकी मंदिर के बीच धार्मिक संपर्क को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासकर भारत-नेपाल सीमा के दोनों ओर रहने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन आवागमन का नया विकल्प बनेगी।
