Sunday, November 22

वीरगंज में आधी रात भीषण अगलगी, टायर और मोबिल के दो गोदाम खाक; करोड़ों का नुकसान,नेपाल सेना ने संभाला मोर्चा

ब्रह्मचोक के पास दिलबन्धु पेट्रोल पंप के निकट लगी आग ने लिया विकराल रूप, आठ दमकलों को छह घंटे तक करनी पड़ी मशक्कत; देवेंद्र सत्याल के दोनों व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह तबाह, कोई हताहत नहीं

वीरगंज ।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के प्रमुख व्यापारिक शहर वीरगंज में शुक्रवार की मध्यरात्रि भीषण अगलगी से भारी तबाही मच गई। वीरगंज महानगरपालिका-12 स्थित बाइपास सड़क पर ब्रह्मचोक के समीप टायर और मोबिल के दो बड़े गोदाम आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों गोदामों में रखा पूरा माल और गोदाम वाला भवन जलकर राख हो गया। घटना में करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

अगलगी की यह घटना दिलबन्धु पेट्रोल पंप के पास स्थित उत्कृष्ट ट्रेड कन्सर्न के टायर गोदाम और एवरेस्ट लुब्रिकेन्ट प्रा.लि. के मोबिल गोदाम में हुई। दोनों व्यावसायिक प्रतिष्ठान बारा जिले के जीतपुरसिमरा-2 निवासी देवेंद्र सत्याल द्वारा संचालित बताए गए हैं। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे अचानक गोदामों में आग लगी। टायर और मोबिल जैसे ज्वलनशील सामान की बड़ी मात्रा में मौजूदगी के कारण आग ने कुछ ही देर में भयावह रूप धारण कर लिया।

आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और अग्निशमन दल सक्रिय हुए। आग पर काबू पाने के लिए आठ दमकल वाहनों को लगाया गया। इनमें वीरगंज महानगरपालिका के दो दमकल वाहन तथा पोखरिया नगरपालिका, पर्सागढ़ी नगरपालिका, जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका, कलैया उपमहानगरपालिका, सिर्सिया शुष्क बंदरगाह और नेपाली सेना का एक-एक दमकल वाहन शामिल था।वीरगंज महानगर पालिका का एस्काभेटर का भी उपयोग किया।दमकलकर्मियों ने फोम की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, ताकि टायर और मोबिल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण बार-बार भड़क रही आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

विभिन्न स्थानों से पहुंचे अग्निशमन दलों और सुरक्षा बलों ने करीब छह घंटे तक लगातार अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह छह बजे के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता सह डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग से दोनों गोदामों में रखे सामान और गोदाम वाले भवन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की मानवीय क्षति नहीं हुई है।

डीएसपी मल्ल के अनुसार, पुलिस की ओर से फिलहाल भौतिक क्षति का विवरण संकलित किया जा रहा है। दोनों गोदामों में रखे टायर, मोबिल और अन्य व्यावसायिक सामान के साथ भवन भी पूरी तरह नष्ट होने के कारण नुकसान करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक आर्थिक क्षति का आंकड़ा जांच और आकलन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

आग लगने का कारण रहस्य

भीषण अगलगी के बावजूद आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर आग की शुरुआत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसने दोनों गोदामों को अपनी चपेट में लिया, यह स्पष्ट नहीं है। जिला पुलिस कार्यालय की ओर से घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों और नुकसान के विस्तृत विवरण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।(रिपोर्ट:राजेश केशरीवाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!