
कौड़िहार के पास हादसे में नवका टोला निवासी कृष्णा कुमार की गई जान, डिवाइडर, ब्रेकर और ट्रैफिक व्यवस्था की मांग को लेकर प्रदर्शन
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख व्यापारिक मार्ग आईसीपी बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग 527D) पर गुरुवार देर रात ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार युवक कृष्णा कुमार की मौत हो गई। हादसा कौड़िहार गांव के समीप उस समय हुआ, जब कृष्णा कुमार बाइक से अपने घर नवका टोला लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें लक्ष्मीपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान नवका टोला निवासी स्व. पन्नालाल प्रसाद के इकलौते पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। वह पांच बहनों के इकलौते भाई थे। बताया जाता है कि उनका रक्सौल में अपना प्रतिष्ठान था और वह प्रतिष्ठान से घर लौट रहे थे। वह हरदिया पंचायत के पूर्व मुखिया शंभू प्रसाद शाह के भतीजे थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की सूचना पर रक्सौल पुलिस के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। इस बीच स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क सुरक्षा की बदहाल व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर तक सड़क जाम कर आगजनी की और आबकारी थाना के खिलाफ भी विरोध जताया। लोगों का आरोप था कि आबकारी थाना की गाड़ियों की आवाजाही और कार्यशैली के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। हालांकि, हादसे में इसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम और एसडीपीओ को घटनास्थल पर बुलाने की मांग की। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर कई दिशाओं से वाहन आते-जाते हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, डिवाइडर, ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तत्काल डिवाइडर, स्पीड ब्रेकर और नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि भारत-नेपाल के आयात-निर्यात का प्रमुख मार्ग होने के कारण आईसीपी बाईपास पर भारी वाहनों का दबाव रहता है। इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्रभावी पहल नहीं होने पर भी लोगों ने सवाल उठाए।
