Tuesday, November 17

भारी वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

लक्ष्मीपुर के मनोकामना मंदिर के समीप हादसा, पैदल घर लौट रहे 40 वर्षीय रामाशंकर शाह ने मौके पर तोड़ा दम; अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

रक्सौल।(Vor desk)।

रोजी-रोटी के लिए दिनभर मेहनत करने के बाद घर लौट रहे एक मजदूर की जिंदगी सड़क पर ही खत्म हो गई। लक्ष्मीपुर स्थित मनोकामना मंदिर के समीप भारी वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय रामाशंकर शाह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और चार पुत्रियों को छोड़ गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामाशंकर शाह गम्हरिया निवासी थे और रक्सौल में पलदारी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। काम समाप्त होने के बाद वह पैदल अपने घर गम्हरिया लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर में मनोकामना मंदिर के पास किसी भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। फिलहाल दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

इधर, रामाशंकर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पत्नी उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपनी बेटियों के भविष्य और उनकी शादी की चिंता जताते हुए बिलख रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतक का बड़ा बेटा चंदन भी मजदूरी कर घर चलाने में हाथ बंटाता था। छह बच्चों में किसी की भी शादी नहीं हुई है।

पति को खोने के गम में डूबी उषा देवी का सवाल है कि अब बच्चों की परवरिश और बेटियों की शादी कैसे होगी? वहीं, पिता की मौत से छह बच्चों के सिर से स्नेह और सुरक्षा का साया उठ गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!