Monday, November 16

छठ पर फिर काली हुई सरिसवा नदी, केमिकलयुक्त पानी के बीच अर्घ्य देने की मजबूरी

नारायणी सिंचाई का पानी नदी में छोड़े जाने के बाद बदला रंग, साफ पानी का दावा बेअसर; आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, प्रदूषण से लोगों में चिंता

रक्सौल।(Vor desk)। लोक आस्था के महापर्व छठ पर भारत-नेपाल सीमा की जीवनदायिनी सरिसवा नदी की स्थिति एक बार फिर चिंताजनक हो गई है। आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाना है, लेकिन नदी का पानी फिर काला पड़ने लगा है। रविवार सुबह नेपाल में सांसद हरि पन्त की पहल पर नारायणी सिंचाई का पानी सरिसवा नदी में छोड़े जाने के बाद पानी का रंग बदलने लगा। इससे नदी के किनारे अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे व्रती और स्थानीय लोग परेशान हैं।

नेपाल के बारा जिले के रामवन क्षेत्र से निकलकर सरिसवा नदी रक्सौल पहुंचती है। रास्ते में औद्योगिक प्रदूषण और रासायनिक अपशिष्ट के कारण नदी की स्थिति ऐसी हो गई है कि इसके पानी को देखकर सहज ही सवाल उठता है कि इसमें पानी बह रहा है या रसायनों से युक्त प्रदूषित तरल। नदी का काला पड़ता पानी प्रदूषण की गंभीरता को बयां कर रहा है। हालांकि, पानी में मौजूद रसायनों की वास्तविक मात्रा की पुष्टि जांच से ही हो सकेगी।

गौरतलब है कि छठ से पहले वीरगंज की ओर नदी में सिल्ट और कीचड़ हटाने के साथ सफाई अभियान चलाया गया था। इसके बाद पानी की स्थिति में कुछ सुधार दिखाई दिया था। वीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह ने भी दावा किया था कि पहले की अपेक्षा नदी का पानी साफ हुआ है। लेकिन अब पानी के दोबारा काला पड़ने से इन दावों और सफाई के प्रयासों पर सवाल उठने लगे हैं।

इधर, शनिवार को क्षेत्रीय विधायक प्रमोद सिंहा ने भी नदी ,घाट का जायजा लिया था।बुधवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल पहुंचकर सरिसवा नदी और छठ घाटों की स्थिति का जायजा लिया था। डीएम ने कहा था कि नदी में प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ पानी के प्रवाह को लेकर भारतीय दूतावास को पत्र लिखा गया है। इस संबंध में नेपाली प्रशासन से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। नदी की स्थिति में सुधार के लिए आगे भी पहल जारी रखने की बात कही गई थी।

इसके बावजूद छठ के दिन नदी की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। व्रती आस्था और परंपरा के निर्वहन के लिए घाटों पर पहुंचेंगे, लेकिन प्रदूषित पानी को लेकर उनके मन में चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब हर साल छठ के समय नदी की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण की बातें होती हैं, तो फिर स्थायी समाधान क्यों नहीं निकलता?

लोगों का कहना है कि सरिसवा नदी की सफाई केवल छठ पर्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नदी में औद्योगिक अपशिष्ट के प्रवाह पर रोक, प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की पहचान और नियमित जल गुणवत्ता जांच जरूरी है। भारत और नेपाल, दोनों देशों के प्रशासन को इस सीमा पार बहने वाली नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ठोस और स्थायी पहल करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!