Saturday, November 14

एक ही परिवार की दो बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास, बिहार में बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर

इतिहास विषय में डॉ. गुड्डी और डॉ. पूर्णिमा का चयन, पीएचडी और यूजीसी नेट की उपलब्धि के बाद मिली बड़ी कामयाबी; पिता जय नारायण प्रसाद का बढ़ाया मान

रक्सौल, (vor desk)। प्रतिभा, परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर बेटियां किस तरह सफलता की नई इबारत लिख सकती हैं, इसका प्रेरक उदाहरण पूर्वी चंपारण के आदापुर प्रखंड स्थित श्यामपुर बाजार में देखने को मिला है। यहां एक ही परिवार की दो बेटियों डॉ. गुड्डी कुमारी और डॉ. पूर्णिमा कुमारी ने बिहार सरकार की असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति प्रक्रिया में इतिहास विषय से चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

दोनों बहनों का चयन बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरए बिहार विश्वविद्यालय), मुजफ्फरपुर के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए हुआ है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इस मुकाम तक पहुंचने के लिए दोनों ने पीएचडी और यूजीसी नेट जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक योग्यताएं हासिल कीं। वर्षों की मेहनत, अध्ययन और निरंतर प्रयास के बाद मिली इस सफलता से परिवार में उत्सव का माहौल है।

एक ही घर की दो बेटियों का एक साथ विश्वविद्यालय स्तर पर प्राध्यापक पद के लिए चयन होना क्षेत्र के लिए भी खास उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों बहनों ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान चुनौतियों के बावजूद पढ़ाई के प्रति समर्पण बनाए रखा। उनकी उपलब्धि ग्रामीण परिवेश की उन छात्राओं के लिए भी प्रेरणा है, जो उच्च शिक्षा और अकादमिक क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।

दोनों बेटियों की कामयाबी से पिता जय नारायण प्रसाद सहित पूरा परिवार गौरवान्वित है। सफलता की खबर मिलने के बाद से घर पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों, शुभचिंतकों और प्रबुद्धजनों ने दोनों बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!