Friday, November 13

सीमा की जीवनदायिनी सरिसवा नदी के अस्तित्व पर संकट, 551 दीप जलाकर भारत-नेपाल के लोगों ने लिया संरक्षण का संकल्प

रक्सौल में नदी बचाओ आंदोलन का महादीप प्रज्वलन; नेपाल में नो-मेंस लैंड को कचरा मुक्त कर सुंदर स्थल बनाने के बावजूद भारतीय हिस्से में नदी तट पर कचरा डाले जाने पर उठे सवाल, एसटीपी प्लांट को जन आंदोलन की उपलब्धि बताया

रक्सौल, (vor desk)। भारत-नेपाल सीमा की जीवनदायिनी सरिसवा नदी आज प्रदूषण और कचरे के अंबार के कारण अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। नदी की रक्षा को जीवन और पर्यावरण की रक्षा बताते हुए सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इस गंभीर पर्यावरणीय संकट पर जनभागीदारी की अपील की है। छठिया घाट, आश्रम रोड पर आयोजित समारोह में 551 दीपों की माला सजाकर सैकड़ों लोगों ने नदी संरक्षण का संकल्प लिया।


सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि नदियों की रक्षा जीवन की रक्षा है। सरिसवा नदी के लिए अब सभी लोगों को आगे आना होगा। रक्सौल में स्थापित हो रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पर प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने इसे बिहार का पहला ऐसा प्लांट बताया, जो जन आंदोलन के परिणामस्वरूप स्थापित हो रहा है। इसके लिए उन्होंने सांसद डॉ. संजय जायसवाल के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि पर्यावरण संरक्षण राजनीतिक दलों के लिए प्राथमिक मुद्दा नहीं बन पाया है।

डॉ. सिन्हा ने भारत और नेपाल के बीच नदी संरक्षण के प्रयासों में विरोधाभास पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार ने नो-मेंस लैंड पर गिराए जा रहे सैकड़ों टन कचरे को हटाकर उस स्थान को सुंदर बना दिया है, जबकि रक्सौल नगर परिषद अब भी सरिसवा नदी के तट पर कचरा गिरा रहा है। उनके अनुसार, आंदोलन के दबाव में पहले कचरा गिराना बंद हुआ था, लेकिन अब फिर शुरू हो गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह कचरा बहकर गंगा तक पहुंचता है। एक ओर एसटीपी प्लांट स्थापित हो रहा है, दूसरी ओर नदी तट पर कचरा डालना गंभीर विडंबना है।

समारोह में उपस्थित लोगों ने हाथों में जलते दीप लेकर नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बिहार सरकार के अधिकारियों और विशेष रूप से नगर परिषद से नदी तट पर कचरा गिराने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया गया। आंदोलन के संरक्षक संतोष छात्रवंशी ने प्रस्ताव रखा कि यदि कचरा गिराना बंद नहीं हुआ तो धरना दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि नदी से उठ रही दुर्गंध से पूरा शहर परेशान है और इसी प्रदूषित पानी में महापर्व छठ संपन्न होने की स्थिति चिंताजनक है।
सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन और युवा सहयोग दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में 101 छठ व्रतियों को साड़ी, सूपली, नारियल और अगरबत्ती देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) चंद्रमा सिंह ने की। संचालन महासचिव प्रो. मनीष दूबे ने किया, जबकि युवा सहयोग दल के अध्यक्ष सिंघानिया साजन चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

समारोह में राकेश कुशवाहा, गुड्डू सिंह, इंजीनियर जितेंद्र कुमार, राजकिशोर राय भगत, जय नारायण तिवारी, शैल देवी, दुर्गेश साह, प्रो. (डॉ.) किरण बाला, इंजीनियर पल्लवी पुष्पम्, इंजीनियर अमित कुमार श्रीवास्तव, इंजीनियर सुरभि सुमन, इंजीनियर केशव आदित्य, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. (इंजीनियर) अंशु कुमारी, रामजी प्रसाद, शीला देवी, मंजू देवी, मनोज श्रीवास्तव, प्रो. अनिल कुमार, मनोज शर्मा, प्रो. नारद प्रसाद, प्रो. राजकिशोर सिंह, रजनीश प्रियदर्शी, जयप्रकाश गुप्ता, नीरज कुशवाहा, अरुण कुमार, हर्षित रनिया, समरजीत मिश्रा, मुकेश पटेल, विकेश कुमार, राजकिशोर प्रजापति, अभिषेक कुमार, घनश्याम गुप्ता, सूरज पटेल, सतीश केसरी, पुरुषोत्तम पटेल, मो. मुस्तफा, राजन जायसवाल, अनुराग कुमार ठाकुर, मनीष कुमार, पिंटू कुमार, भोला कुमार सिंह, अभिजीत पटेल, कृष्ण कुमार गुप्ता, अंकित मिश्रा, अमित यादव, अनुराग कुमार, रौशन मिश्रा, गौतम बनिया, रवि कुमार, रिशु चौधरी, अजीत मोदी, विकास कुमार, अर्जुन कुमार, कन्हैया कुमार झा, पप्पू यादव, ज्योतिष यादव, मनीष यादव, रितिक यादव और धीरज कुमार साह सहित सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!