
रक्सौल, आदापुर और छौड़ादानो के घाटों का लिया जायजा, सफाई, चेंजिंग रूम और खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग के निर्देश
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रक्सौल अनुमंडल में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा और एसडीपीओ मनीष आनंद ने विभिन्न प्रखंडों के छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति देखी और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

रक्सौल प्रखंड में कौड़िहार चौक, त्रिलोकीनाथ मंदिर, छठिया घाट, भाकुआ ब्रह्मस्थान और कस्टम चौक सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। मौके पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा. मनीष कुमार, बीडीओ राजू कुमार और थानाध्यक्ष रमेश महतो मौजूद थे।इसके साथ ही कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी के पति राकेश कुशवाहा ,पार्षद सोनू गुप्ता सहित अन्य भी मौजूद रहे। वहीं, आदापुर प्रखंड की बखरी पंचायत और छौड़ादानो प्रखंड की हीरामणि पंचायत स्थित छठ घाटों का भी जायजा लिया गया। इन स्थलों पर संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी घाटों पर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुविधा और निजता के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने को कहा गया। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और खतरनाक घाटों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने का निर्देश भी दिया गया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा, ताकि अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता और पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा के इंतजाम समय से पूरा करने का निर्देश दिया है।
