Friday, November 13

नेपाल की जेल से भागा कैदी भारत के आदापुर सीमा क्षेत्र में गिरफ्तार, 7 घंटे में धराया

वीरगंज कारागार की सुरक्षा तोड़कर भागा था दुष्कर्म का दोषी, बलिरामपुर नाका से भारतीय क्षेत्र में किया था प्रवेश; भारतीय सुरक्षाकर्मियों के सहयोग से मिली सफलता

वीरगंज। (Vor Desk)। नेपाल की जेल से फरार होकर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ कैदी महज 7 घंटे तक ही पुलिस की पकड़ से बच सका। पर्सा जिले के वीरगंज कारागार से गुरुवार सुबह फरार हुए 30 वर्षीय सुनील साह तुरहा को नेपाल पुलिस ने भारत के बिहार स्थित पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। भारतीय सुरक्षाकर्मियों के सहयोग से हुई इस कार्रवाई के बाद उसे वापस वीरगंज लाया गया।

जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के सूचना अधिकारी डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल के मुताबिक, पोखरिया नगरपालिका क्षेत्र के सतवरी निवासी सुनील गुरुवार सुबह करीब 6 बजे कारागार से फरार हुआ था। वह जेल परिसर में सफाई के दौरान सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचकर निकल गया। इसके बाद बारा जिले के बलिरामपुर नाका के रास्ते भारत में प्रवेश कर गया।

कैदी के फरार होने की सूचना पर नेपाल पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। भारतीय सुरक्षाकर्मियों के साथ समन्वय कर सीमावर्ती क्षेत्र में उसकी तलाश की गई। आखिरकार दोपहर करीब 1 बजे आदापुर सीमा क्षेत्र से उसे पकड़ लिया गया। इस तरह अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के बाद भी वह करीब सात घंटे में पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

12 साल काट चुका था सजा

पुलिस के अनुसार, सुनील साह तुरहा को जबरन दुष्कर्म के मामले में पर्सा जिला अदालत ने 14 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। वह अपनी सजा के 12 वर्ष पूरे कर चुका था। इसी बीच गुरुवार सुबह सफाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में चूक का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कड़ी सुरक्षा वाले कारागार से कैदी के भागने और फिर भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंचने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। अब गिरफ्तारी के बाद उसके फरार होने की परिस्थितियों और सुरक्षा में हुई चूक की जांच की जा रही है।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!