Friday, November 13

नेपाल में 700 मीटर गहरी खाई में गिरी ईवी हाइस, चालक समेत 10 की मौत; 5 घायल

10 सीट की क्षमता वाले वाहन में सवार थे 15 लोग, मृतकों में 3 महिलाएं व 2 बच्चियां शामिल; मृतक और घायल सर्लाही के एक ही गांव के निवासी

रक्सौल, (vor desk)। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी में हुआ, जहां काठमांडू से हेटौंडा जा रही यात्रियों से भरी ईवी हाइस करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। नेपाल पुलिस केंद्रीय कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 10 लोगों की मौत और 5 लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की ईवी हाइस गुरुवार सुबह सर्लाही के यात्रियों को लेकर काठमांडू से हेटौंडा की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़कखंड पर चिसापानीगढ़ी के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में 3 महिलाएं, 2 बच्चियां और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

10 सीट की गाड़ी में सवार थे 15 लोग

हादसे को लेकर सामने आई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 10 सीट की क्षमता वाली ईवी हाइस में चालक समेत 15 लोग सवार थे। मृतक और घायल सभी सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 स्थित सुन्दरपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में देवेंद्र यादव,संजय यादव सहित 33 वर्षीय मुकेश यादव, 5 वर्षीय सक्षम कुमार यादव और 3 वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं। शुरुआती चिकित्सकीय जानकारी में मुकेश और सक्षम की स्थिति सामान्य तथा सुदन की हालत मध्यम बताई गई थी। बाद की सूचना में कुल 5 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों का उपचार हेटौंडा अस्पताल में चल रहा है।

चालक को झपकी आने की आशंका

सुबह तड़के दुर्घटना होने के कारण चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाली सेना और बागमती प्रदेश आपदा प्रबंधन गुल्म की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एसपी श्यामबहादुर खत्री के नेतृत्व में भी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल भीमफेदी इलाका पुलिस कार्यालय से करीब 8 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। घटनास्थल पर बचाव कार्य और घायलों का उपचार जारी है।

गौरतलब है कि मकवानपुर जिला मुख्यालय हेटौंडा रक्सौल से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हादसे की खबर से सीमावर्ती क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!