
रक्सौल में टास्क फोर्स की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, बॉर्डर, रेलवे स्टेशन और ट्रांजिट प्वाइंट पर भी पिलाई जाएगी खुराक
रक्सौल। (Vor desk)। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 22 नवंबर से 26 नवंबर तक पांच दिवसीय पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। भारत-नेपाल खुली सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए रक्सौल में इस बार अभियान के दौरान बॉर्डर और सभी प्रमुख आवागमन केंद्रों पर विशेष फोकस रहेगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), रक्सौल में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर परिषद, शिक्षा विभाग, जीविका, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने की। इस दौरान रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष सह बीडीओ राजू कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में अभियान की कार्ययोजना, टीमों की तैनाती, निगरानी और जनजागरूकता से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की गई।डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। एक भी बच्चा छूटने पर पोलियो से सुरक्षा का चक्र कमजोर पड़ सकता है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, धार्मिक नेताओं, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अनिवार्य रूप से पिलाने का आग्रह किया, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
भारत पोलियो मुक्त, लेकिन सीमा क्षेत्र में सतर्कता जरूरी
बैठक में बताया गया कि भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में पोलियो वायरस की मौजूदगी के कारण सतर्कता बरतना अब भी जरूरी है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित कुछ देशों में पोलियो का खतरा बना हुआ है। ऐसे में भारत-नेपाल की खुली सीमा से जुड़े रक्सौल जैसे क्षेत्रों को विशेष सतर्कता की जरूरत वाले इलाके के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि नेपाल के रास्ते दोनों देशों के बीच लोगों का लगातार आवागमन होता है। पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों के कारण बच्चों का भी सीमा पार आना-जाना लगा रहता है। ऐसी स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा सकती। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है।
बॉर्डर, मैत्री पुल और रेलवे स्टेशन पर भी पिलाई जाएगी खुराक
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देशानुसार अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रक्सौल बॉर्डर, मैत्री पुल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी। सीमा पार से आने-जाने वाले पांच वर्ष तक के बच्चों को भी मौके पर ही पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा अभियान से वंचित न रह जाए।
जागरूकता रैली निकलेगी, लगाए जाएंगे तोरण द्वार
अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए प्रखंड क्षेत्र में पोलियो जागरूकता रैली निकालने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा भेलाही के मुसहरवा और रक्सौल में मनोकामना मंदिर के समीप तोरण द्वार स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे आम लोगों के बीच अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।
जन्म से पांच वर्ष तक जरूरी है पोलियो की खुराक
बैठक में बताया गया कि सरकारी अस्पतालों में जन्म के समय ही नवजात को पोलियो की पहली खुराक दी जाती है। इसके बाद नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत निर्धारित समय पर पोलियो रोधी टीके दिए जाते हैं। पल्स पोलियो अभियान के दौरान दी जाने वाली अतिरिक्त खुराक बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत करती है। इसलिए नियमित टीकाकरण के साथ अभियान की खुराक भी बच्चों को दिलाना जरूरी है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक आशीष कुमार, बीसीएम सुमित कुमार सिन्हा, डब्ल्यूएचओ के फील्ड मॉनिटर नूर सलाम सहित नगर परिषद, रक्सौल पुलिस, एसएसबी, जीविका, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, भारत विकास परिषद, जन जागरण संस्थान, चैंबर ऑफ कॉमर्स और लायंस क्लब के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
