Tuesday, November 3

त्योहारों पर मिठाई में मिलावट और सुरक्षा चूक पर प्रशासन सख्त

एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा और डीएसपी मनीष आनंद ने प्रमुख प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण, पनीर की गुणवत्ता से लेकर गैस सिलेंडर व अग्निशमन उपकरणों तक की जांच

रक्सौल (Vor Desk)। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर रक्सौल में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा और डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावटी मिठाई-पनीर की आशंका, साफ-सफाई, अग्नि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पड़ताल की गई।

टीम में थानाध्यक्ष रमेश महतो और अग्निशमन विभाग के कर्मी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने कैंडी स्वीट्स, लड्डू गोपाल, अन्नपूर्णा स्वीट्स और पंकज स्वीट्स सहित प्रमुख प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और रखरखाव का जायजा लिया। पनीर की गुणवत्ता परखने के लिए अधिकारियों ने उसे स्वयं तोड़कर और देखकर जांच की। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों को शुद्ध, ताजा और स्वच्छ खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं। मिलावट या स्वच्छता में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

गैस सिलेंडर और अग्निशमन इंतजामों की पड़ताल

मिठाई निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों में आग से बचाव के इंतजाम भी जांच के दायरे में रहे। अग्निशमन विभाग की टीम ने गैस सिलेंडरों, अग्निशमन यंत्रों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति देखी। संचालकों को निर्देश दिया गया कि सभी सुरक्षा उपकरण कार्यशील अवस्था में रखें, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव किया जा सके।

लड्डू गोपाल के सामने पार्किंग पर भी सख्ती

निरीक्षण के दौरान लड्डू गोपाल प्रतिष्ठान के सामने सड़क पर बाइक पार्किंग और ग्राहकों की आवाजाही से यातायात प्रभावित होने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने संचालक को ग्राहकों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की जगह सुनिश्चित करने तथा सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनने देने का निर्देश दिया। प्रतिष्ठान के बाहर लगाए गए बोर्ड को भी अंदर रखने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही दुकान से संबंधित विभिन्न कागजातों की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा और डीएसपी मनीष आनंद ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाजार में सुचारु यातायात प्रशासन की प्राथमिकता है। थानाध्यक्ष रमेश महतो ने भी दुकानदारों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, अग्नि सुरक्षा और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!