
रक्सौल (vor desk)।
हरैया थाना क्षेत्र के नेपाली स्टेशन इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बिरनियों (हड्डा) के हमले ने दो मासूमों की जान ले ली और दो अन्य की जिंदगी खतरे में डाल दी है। बीते 2 अक्टूबर की सुबह जब बच्चे एक पुराने फूस के मकान के पास खेल रहे थे, तभी बिरनियों के झुंड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन उन्हें गंभीर हालत में तत्काल रक्सौल के डंकन अस्पताल ले गए।
अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए 2 अक्टूबर को ही विजय मल्लिक के 2 वर्ष 6 माह के बेटे करण कुमार मल्लिक की मौत हो गई। वहीं, 4 अक्टूबर को स्व. इन्दल मल्लिक के 7 वर्षीय पुत्र लखन कुमार मल्लिक ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में घायल 4 वर्षीय अरुण कुमार मल्लिक और 3 वर्ष 6 माह के रॉकी कुमार मल्लिक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज डंकन अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही ‘स्वच्छ रक्सौल’ के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए ₹5,000 की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। दो मासूमों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में मातम पसरा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिजनों को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा देने और अस्पताल में भर्ती बच्चों का बेहतर मुफ्त इलाज सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।
