
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री पुल के पास एसएसबी और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही एक इनोवा कार की सघन तलाशी के दौरान उसमें से लगभग 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान बिहार के वैशाली जिले (महुआ) निवासी शनि कुमार के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चार पहिया वाहन के माध्यम से नेपाल से भारत में गांजा की एक भारी खेप लाई जा रही है। सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने मैत्री पुल पर नाकाबंदी कर विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी बीच नेपाल की तरफ से आ रही एक इनोवा कार को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो वाहन की बनावट संदिग्ध पाई गई।
गहनता से पड़ताल करने पर कार के भीतर तस्करों की चालाकी सामने आई। सुरक्षाबलों ने जब डैशबोर्ड को हटाया, तो उसके भीतर विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त ‘तहखाना’ मिला, जिसमें गांजे के पैकेट ठूंस-ठूंस कर छिपाए गए थे। इसके बाद कार के अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई, जहां कई और गुप्त चैंबरों से गांजे की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने गांजे की पूरी खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर शनि कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का सुराग लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप नेपाल में कहां से उठाई गई थी और भारत में इसे किस सिंडिकेट तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिलने वाले सुरागों के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य तस्करों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
