
मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चम्पारण के दरपा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो चाकू और दो लोहे की बड़ी तलवारें बरामद की हैं।
यह कार्रवाई 3 अक्टूबर 2026 को दरपा थाना की दिवा गश्ती के दौरान मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि तिनकोनी गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह (पिता- स्व. मदन सिंह) अपने घर में अवैध हथियार रखकर लहरा रहा है और अपनी पत्नी एवं बच्चे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। इससे आसपास के ग्रामीणों में काफी भय का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सूचना का सत्यापन किया और सुरेन्द्र सिंह के घर पर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही मौके से अवैध हथियार और कारतूस जब्त कर लिए गए।
इस सफल छापेमारी दल में दरपा थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अनीष कुमार के नेतृत्व में पु०अ०नि० अनुज कुमार, पु०अ०नि० नेहा कुमारी, परि०पु०अ०नि० पंचम कुमार, स०अ०नि० अरविन्द पाण्डेय तथा दरपा थाना का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
