Saturday, October 3

बापू व शास्त्री जी की जयंती पर रक्सौल में हथकरघा चलाने वाली 50 महिलाएं सम्मानित, जिलाध्यक्ष बोले- स्वदेशी और सादगी ही राष्ट्र की असली ताकत

रक्सौल।(Vor desk)।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मोतिहारी जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रक्सौल प्रखंड कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिवपूजन प्रसाद की अध्यक्षता में शहर के लेप्रोसी हॉस्पिटल में आयोजित इस कार्यक्रम में हथकरघा चलाकर आत्मनिर्भर बन रही 50 महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मोतिहारी जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश दयाल ने दोनों महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि 1917 में गांधी जी ने चंपारण की पावन धरती से ‘तीनकठिया व्यवस्था’ और नील की खेती के अत्याचार के खिलाफ सत्याग्रह की शुरुआत की थी। बापू ने असहयोग, सविनय अवज्ञा और 1942 के ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन के जरिए देश को आजादी की राह दिखाई और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि शास्त्री जी अत्यंत सादगी, निष्ठा और उच्च नैतिकता के प्रतीक थे। 1965 के भारत-पाक युद्ध में देश का सफल नेतृत्व करने वाले शास्त्री जी का दिया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश को खाद्यान्न और दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरित और श्वेत क्रांति की मजबूत नींव रखी थी।

इस अवसर पर आनंद कुमार, वीरबहादुर यादव, ईश्वर चंद्र प्रसाद, मीरा देवी, दिलीप कुमार, शकुंतला देवी, सांवली देवी, मनोरमा देवी, मनोज कुमार, गणेश कुमार, महेश कुमार, सूरज राम, मोहन राय, सीता देवी, ज्ञानती देवी, मंजू देवी, गजला प्रवीण और मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!