Saturday, October 3

गांधी-शास्त्री जयंती पर धनगढ़वा में भारत विकास परिषद ने बांटी पाठ्य सामग्री, विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण

रक्सौल।(Vor desk)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल ने सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश की। संस्था की ओर से ग्राम पंचायत राज धनगढ़वा कौड़िहार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 112 जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के बीच कॉपी, किताब, पेन और पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्रियां वितरित की गईं। पाठ्य सामग्री पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस मौके पर विद्यालय प्रांगण में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, बापू व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण और ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक समानता और सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के भविष्य में बाधा न बने, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए। बच्चों के हाथों में किताबें थमाना केवल सामग्री देना नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देना है।

इस अवसर पर संस्था द्वारा विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रोशनी कुमारी को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और ‘भारत को जानो’ पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। प्रधान शिक्षिका ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से भी अवगत कराया गया और शिक्षित होकर समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

समारोह को सफल बनाने में परिषद के संयोजक सुनील कुमार, विजय कुमार साह, बिमल कुमार सर्राफ और अजय कुमार ने विचार व्यक्त किए। मौके पर सुरेश धानोठिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में राजकिशोर पासवान, राजकिशोर राम, नसरीन खातून, सिम्पल शुक्ला और कंचन कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!