Saturday, October 3

‘जेन जी रक्सौल’ ने श्रद्धा के साथ मनाई बापू की जयंती, राजद नेता रामबाबू यादव ने युवाओं को दिलाया संकल्प

रक्सौल।(Vor desk)।शहर के लक्ष्मीपुर में ‘जेन जी रक्सौल’ के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। रक्सौल विधानसभा के पूर्व महागठबंधन प्रत्याशी सह संगठन के संरक्षक रामबाबू यादव के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में स्थानीय किशोरों और युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए रामबाबू यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के सिद्धांत आज के दौर में युवाओं के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से बापू के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और देश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रक्सौल, आदापुर, छौड़ादानो, रामगढ़वा और सुगौली क्षेत्र से आए युवाओं ने बापू के आदर्शों को जीवन में उतारने के साथ-साथ स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।

कार्यक्रम में राजद नेता रवि मस्करा, कुंदन कुमार, फिरोज आलम, सौरभ मिश्रा, अमन यादव, दीपक कुमार, पवन यादव, साहिल गुप्ता, दिनेश राम, विक्कू कुमार, मनु सिंह, ओमप्रकाश दास, लालू यादव और राहुल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!