Sunday, September 20

रक्सौल में भारती फाउंडेशन की ‘प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026′ संपन्न: सांसद डॉ. संजय जायसवाल बोले—’ मेघावी बच्चे हीं गढ़ेंगे विकसित भारत का भविष्य’

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। सीमावर्ती शहर रक्सौल के ऐतिहासिक हजारीमल उच्च विद्यालय के प्रांगण में भारती फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026’ का भव्य और सफल समापन हुआ। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस वृहद प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से आए कक्षा 9वीं, 10वीं (हाई स्कूल) और 11वीं एवं 12वीं वर्ग के लगभग 1,000 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता और मेधा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्र के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर आधिकारिक रूप से समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में उमड़ी बच्चों की भारी भीड़ और उनके उत्साह को देखकर सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने भारती फाउंडेशन के इस प्रयास की जमकर सराहना की। 1,000 बच्चों की रिकॉर्ड भागीदारी पर उन्होंने कहा कि रक्सौल जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना और उनके बीच बौद्धिक प्रतिस्पर्धा कराना अपने आप में एक मिसाल है। यह आयोजन बच्चों के भीतर छुपी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन जरिया साबित होगा।

बच्चों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. जायसवाल ने कहा, “आज की यह प्रतियोगिता सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि आपके सुनहरे भविष्य की नींव है। इन 1,000 बच्चों में से ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और वैज्ञानिक निकलेंगे जो देश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।” उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसरों की आवश्यकता होती है, जो अवसर भारती फाउंडेशन ने इन्हें प्रदान किया है।

भारती फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रक्सौल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान छात्रों की पहचान कर उन्हें सही दिशा देना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुड्डू सिंह ने भारती फाउंडेशन को शिक्षा के प्रति समर्पित संगठन बताया और कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों को नई दिशा देने का कार्य करेगी। वहीं बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है और भारती फाउंडेशन का यह सफल प्रयास उन्हें इसके लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

भारती फाउंडेशन के ट्रस्टी प्रो. मनीष दुबे ने व्यापक स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और घोषणा की कि भविष्य में ऐसी प्रतियोगिताएं अनुमंडल स्तर पर आयोजित की जाएंगी। वहीं राज किशोर राय उर्फ भगत जी ने फाउंडेशन को बधाई देते हुए इस कार्यक्रम को बच्चों के जीवन में मील का पत्थर बताया, जबकि इंजीनियर जितेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए सदैव फाउंडेशन के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर हजारीमल उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य, भारती फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रिंकू श्रीवास्तव, राज किशोर राय भगत जी, इंजीनियर जितेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, संतोष छात्रवंशी, साजन कुमार, नीरज कुशवाहा, कृष्ण प्रसाद, मनोज शर्मा, अवनीत कुमार मिश्रा, नितेश कुमार, रवि कुमार, सतीश कुमार, अमित यादव, राहुल गुप्ता, अभिषेक कुमार, अभिमन्यु कुमार, आदित्य तिवारी, मुन्ना गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, कुंदन शर्मा और रामबाबू शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!