Monday, September 14

रक्सौल में बप्पा के जयकारों से गूंजा रामजानकी मंदिर, 20वें वर्ष में श्री मंगल मूर्ति गणेश पूजनोत्सव की भव्य शुरुआत!

जलभरी यात्रा के साथ पांच दिवसीय महोत्सव का आगाज़, बनारस की महाआरती ने मोहा भक्तों का मन
रक्सौल।(Vor desk)।
सीमावर्ती शहर रक्सौल का माहौल इन दिनों पूर्णतः गणेशमय हो उठा है। ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर के पवित्र प्रांगण में ‘श्री मंगल मूर्ति गणेश पूजा समिति’ के तत्वावधान में 20वें गणेश महोत्सव की अत्यंत भव्य एवं भक्तिमय शुरुआत हुई। बप्पा के जन्मोत्सव के प्रथम दिन पूरा क्षेत्र ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा।


महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई विशाल कलश यात्रा से हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र तिलावे नदी तट पर पहुंचकर विधिवत पूजन के उपरांत कलश में जल भरा। वहां से नगर भ्रमण करते हुए जलभरी यात्रा पूजा स्थल पहुंची, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पांच दिवसीय पूजनोत्सव का शुभारंभ हुआ।

काशी की तर्ज पर हुई बप्पा की भव्य महाआरती

पूजा का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश के बनारस से आए विशेष पुजारियों की टीम द्वारा प्रस्तुत महाआरती रही। आचार्य मिथिलेश पांडेय, अभिषेक पांडेय, सिद्धेश्वर पांडेय और रौशन मिश्रा ने बनारस के प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर भगवान गणेश की महाआरती उतारी। स्वामी राजीव जी के पावन सहयोग से संपन्न हुई इस आरती का आलौकिक दृश्य देख उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। प्रथम दिवस की रात्रि सत्य, त्याग और न्याय के अमर प्रतीक ‘राजा हरिश्चंद्र’ के जीवन वृत्त पर आधारित मार्मिक काव्य कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनकर भक्त भाव-विभोर हो गए।

क्या कहते हैं समिति के पदाधिकारी

आयोजन को लेकर पूजा समिति के अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा, “विघ्नहर्ता श्री गणेश की कृपा से समिति आज अपने आयोजन का 20वां वर्ष मना रही है। इस मील के पत्थर को यादगार बनाने के लिए पूरा नगर भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। बप्पा का यह दरबार हर भक्त की मनोकामना पूरी करने वाला है।”
वहीं, समिति के सचिव कृष्ण कुमार उर्फ पप्पू गुप्ता ने कहा, “यह 20वां वार्षिकोत्सव रक्सौल के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। भक्तों के लिए छप्पन भोग, विशाल महाभंडारा और मनमोहक रात्रि जागरण का विशेष आयोजन तय किया गया है। समिति का हर एक सदस्य इस महोत्सव को अभूतपूर्व बनाने के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित है।”


पूजा को सुचारू एवं ऐतिहासिक बनाने में कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी के साथ राजीव गुप्ता, संतोष गुप्ता, सन्नी पटेल, रंजीत बर्णवाल, अजित पांडेय, नीरज कुशवाहा, प्रशांत कुमार, नवीन गिरी, राजेश यादव, लक्की गुप्ता, पिंटू गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, मनीष वर्मा, कौशल सर्राफ, अनुराग, गोलू, सुनील, मोहित, सतीश सर्राफ, अमित गुप्ता, मुकेश साह, अमित, कृष्णा, दीपक, अर्जुन, बादल, जय, अंकित, विकाश, कृष, लवकेश, सुभाष, अमन, रिकी, अजय, विक्रम, गौतम, गौरव, राजाबाबू और पवन समेत समिति के सभी सदस्य दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!