
रक्सौल।(Vor desk)।
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सीमावर्ती शहर रक्सौल भक्ति, श्रद्धा और अद्वितीय उल्लास के रंगों में सराबोर हो उठा। नगर के मुख्य मार्ग (मेन रोड) स्थित सूर्य मंदिर परिसर के गणेश मंदिर में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के भव्य पूजनोत्सव का आगाज किया गया। सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और बप्पा के जयकारों के साथ शुरू हुए इस उत्सव में दर्शन और मंगल कामना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

सूर्य मंदिर स्थित गणेश मंदिर में पूजनीय स्व. गोपीराम धनोथिया की पावन स्मृति में उनके स्वजनों—रमेश धनोठीया , गणेश धनोठीया,दिनेश धनोठीया
और नरेश धनोठीया
के सौजन्य से लगातार 7वीं बार इस भव्य गणेश पूजनोत्सव का आयोजन किया गया है। मंदिर प्रांगण में बप्पा की अलौकिक प्रतिमा के दर्शन हेतु दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।


भजन संध्या में बप्पा के भजनों की बही बयार
सोमवार की देर शाम मेन रोड स्थित आयोजन स्थल पर एक भव्य एवं सुरमई भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान ‘नरकटियागंज जागरण ग्रुप’ एवं ‘म्यूजिकल ग्रुप’ के कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
मंच पर मुख्य गायक कलाकार शैलेश मिश्र, निर्भय मिश्र और गायिका रागिनी ने अपनी सुरीली आवाज से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वाद्ययंत्रों पर नाल पर परमानंद जी, ऑर्गन पर गोपाल जी, तबले पर परशुराम गिरी तथा पैड पर संजय काजी की जुगलबंदी ने संगीत में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत चर्चित भजन “पतवार पे हो रघुवर, धारे का सहारा”, “नसीबा तेरा जाग जागेगा” और “ए गणेश के मम्मी, गणपति राखो मेरी लाज” जैसे भक्ति गीतों पर उपस्थित श्रद्धालु देर रात तक झूमते और तालियां बजाते रहे। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में अत्यंत उत्साह का माहौल है।(रिपोर्ट:राजेश केशरीवाल)
