Sunday, September 13

रक्सौल स्टेशन के नए भवन का निर्माण तेज, डीआरएम ने लिया जायजा

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा, एक सप्ताह में कमियां दूर करने का निर्देश

रक्सौल। (Vor desk)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रक्सौल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। शनिवार को पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने स्टेशन पहुंचकर निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।

रक्सौल पहुंचने से पहले डीआरएम ने विशेष निरीक्षण यान से समस्तीपुर-रक्सौल रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों, सिग्नल व्यवस्था और रेलवे परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया। सुगौली और रामगढ़वा स्टेशन पर रुककर उन्होंने वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं तथा सुझाव जाने।

इसके बाद डीआरएम अधिकारियों के साथ रक्सौल स्टेशन के निर्माणाधीन नए भवन के स्थल पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्थायी टर्मिनल भवन, नए टिकट काउंटर, विश्राम कक्ष, रनिंग रूम, माल गोदाम, धुलाई पिट और अंतरदेशीय कंटेनर डिपो का भी निरीक्षण किया।

यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अस्थायी टर्मिनल परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियां उपलब्ध कराने को भी कहा। इसके साथ ही स्टेशन के आसपास प्रस्तावित नए पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया।

एक सप्ताह में कमियां दूर करने का निर्देश

पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर कर लिया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक ए.के. चौधरी, स्टेशन मास्टर सतीश कुमार जायसवाल, यातायात निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, आईओडब्ल्यू श्रवण कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष संजीव कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!