Sunday, September 13

रक्सौल में ट्रैफिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति हेतु एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन

  • रेलवे क्रॉसिंग गेट और नहर चौक समेत नगर के सात स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की मांग
  • एसडीएम ने आवश्यक कार्यवाही हेतु एसपी मोतिहारी को भेजा पत्र

रक्सौल ।(Vor desk)।में जाम को नियंत्रित कर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में एक कारगर पहल की गई है। शिक्षाविद् डॉ. स्वयंभू शलभ ने रक्सौल एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा से मुलाकात कर नगर के जाम की समस्या पर चर्चा की और प्रमुख स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के संबंध में एक ज्ञापन पत्र सौंपा। रक्सौल की इस प्रमुख समस्या को गंभीरता से लेते हुए श्री वर्मा ने आवश्यक कार्यवाही हेतु एसपी मोतिहारी को पत्र भेजा है।

ज्ञापन पत्र में बताया गया है कि भारत नेपाल सीमा पर अवस्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के शहर रक्सौल स्थित नरकटियागंज-सीतामढ़ी रेलखंड पर गाड़ियों के निरंतर आवागमन एवं शंटिंग की वजह से रेलवे क्रासिंग गेट अधिकांश समय बंद रहते हैं जिसके कारण प्रतिदिन मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक जाम की विकट समस्या पैदा होती है। यह समस्या वर्षों से यहाँ की प्रमुख समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के साथ साथ देश विदेश से आने वाले पर्यटक भी इस परेशानी से हर रोज दो चार होते हैं। आयेदिन दुर्घटना भी होती है। स्कूल बसों के अंदर बच्चे घण्टों जाम में छटपटाते हुए मानसिक तनाव झेलते हैं। उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ता है। सबसे बुरी हालत मरीजों की होती है जो बंद गेट और जाम के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते। कई मरीज एम्बुलेंस में ही दम तोड़ चुके हैं। विवशता और लाचारी की ऐसी तस्वीर यहाँ की सड़क पर आएदिन दिख जाती है।

ज्ञापन में आगे उल्लेख है कि रेलवे क्रासिंग गेट के किनारे स्थित ऊपरगामी पुल जो पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए है उस पर भी ई रिक्शा, टैम्पू और टांगा बेरोकटोक चलते हैं जिसके कारण अक्सर यह पुल भी जाम हो जाता है। इस पुल के दोनों द्वार पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती जरूरी है।

मेन रोड की हालत बताते हुए कहा गया है कि यहाँ बाइक और अन्य वाहन बेतरतीब ढंग से लगे रहते हैं। बस, जीप, ई रिक्शा और टैम्पू वाले सड़क को अवरुद्ध कर अपनी सवारी चढ़ाते उतारते रहते हैं। सड़क पर ट्रैफिक नियम का अनुपालन नहीं हो पाता। रेलवे क्रॉसिंग गेट, बाटा चौक, बैंक रोड चौक, पोस्टऑफिस चौक, सब्जी बाजार चौक, नहर चौक और कौड़ीहार चौक ये सात ऐसे स्थल हैं जहाँ अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। रेलवे क्रॉसिंग गेट और नहर चौक की दशा तो सबसे अधिक गंभीर है।

ज्ञापन में आगे बताया गया है कि सीमावर्ती वीरगंज, नेपाल के लोगों के लिए रक्सौल हमेशा से खरीदारी के लिए सहज और सुविधाजनक बाजार रहा है लेकिन इस जाम के कारण नेपाली ग्राहकों के लिए रक्सौल आना जाना मुश्किल हो जाता है। इससे रक्सौल का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

इस विषय को मानवीय दृष्टिकोण से देखे जाने की आवश्यकता बताते हुए डॉ. शलभ ने यहाँ शीघ्र अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति हेतु आवश्यक पहल करने की मांग रखी जिस पर एसडीएम महोदय द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया।

इस मुलाकात के दौरान डॉ. शलभ ने अपनी किताब ‘संस्कृति के सोपान’ भी श्री वर्मा को भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!