
रक्सौल।(Vor desk)। शहर में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के खिलाफ रक्सौल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक के पार्ट्स, इंजन और अन्य सामान बरामद करने में सफलता पाई है। यह कार्रवाई कांड संख्या 411/26 के अनुसंधान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में एक बाइक चोर गिरोह काफी सक्रिय है और एक्सिस बैंक के पास बाइक चोरी करने के लिए रेकी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक्सिस बैंक के पास एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के क्रम में दोनों की निशानदेही पर आदापुर थाना क्षेत्र के बेलदरवा गांव स्थित सोनू कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की गई। वहां से चोरी की गई मोटरसाइकिल के पार्ट्स, इंजन सहित अन्य सामान बरामद हुए। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील कुमार (20), विशाल कुमार (19), राजीव कुमार (24) और सोनू कुमार (21) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजीव कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार पासवान, जितेन्द्र कुमार, परिवीक्षाधीन पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार गिरी, प्रेम कुमार तथा रक्सौल थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
