Saturday, September 5

पोखरा के फेवा ताल हादसे में रक्सौल के राजद नेता राम बाबू यादव के भतीजे समेत दो की मौत, क्षेत्र में छाया मातम

वीरगंज/रक्सौल।(Vor desk)।

नेपाल के कास्की जिला स्थित पोखरा महानगरपालिका-18 गैरीचौतारा मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां भारतीय नंबर प्लेट की कार फेवा ताल में गिर जाने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी सह रक्सौल के राजद नेता राम बाबू यादव के भतीजे भी शामिल हैं। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पूरे सीमावर्ती क्षेत्र और रक्सौल में गहरा शोक व्याप्त हो गया है तथा हर तरफ मातम छाया हुआ है।

यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4:50 बजे उस समय हुआ जब सेदी से लेकसाइड की ओर आ रही भारतीय नंबर की कार (BR 05 BB 6759) के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से करीब 20 मीटर नीचे सीधे फेवा ताल में जा गिरा। सूचना मिलते ही वड़ा पुलिस कार्यालय बैदाम से पुलिस नायब उपरीक्षक सूर्यबहादुर बोगटी के नेतृत्व में 15 पुलिसकर्मियों और सशस्त्र पुलिस बल कालिका गण कास्की की 13 सदस्यीय बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

बचाव दल ने सबसे पहले कार में सवार ढाका ,पूर्वी चंपारण (बिहार) निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और बनकटवा के 33 वर्षीय सूरज यादव को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति मध्यम बताई जा रही है और वे बातचीत करने में सक्षम हैं। इसके बाद सुबह करीब 5:55 बजे फेवा ताल के पानी से दो अन्य युवकों को अचेत अवस्था में बाहर निकालकर पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह 6:21 बजे दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वालों में रक्सौल के राजद नेता राम बाबू यादव के भतीजे नवदीप कुमार यादव(पिता:पारस यादव) (26)शामिल हैं। दूसरे मृतक की पहचान रक्सौल के परेऊवा निवासी प्रियांशु पांडे (26)के रूप में हुई है।।। सुबह 6:20 बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को पानी से बाहर निकालकर बैदाम पुलिस कार्यालय ले जाया गया है, और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!