Thursday, August 27

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस का बड़ा एक्शन: बरवा के पास ट्रक से 188 किग्रा गांजा बरामद, मुजफ्फरपुर का चालक गिरफ्तार

रक्सौल/आदापुर।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे हरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘सूखा नशा मुक्ति अभियान’ के तहत पुलिस टीम ने बरवा पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी कर 10 चक्का ट्रक से 188 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। तस्करों ने गांजे की खेप को छिपाने के लिए ट्रक के इंजन बोगी में बकायदा एक सीक्रेट बॉक्स बना रखा था। मामले में मुजफ्फरपुर के चालक को गिरफ्तार किया गया है।

हरपुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती इलाके से ट्रक के जरिए मादक पदार्थ की बड़ी खेप पास कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरवा पेट्रोल पंप के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान आदापुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध 10 चक्का ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो इंजन बोगी के पास एक गुप्त चैंबर मिला। बॉक्स खोलने पर उसमें से 12 पेटियों में पैक किया गया कुल 188 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ही ट्रक चालक शौकत अली (पिता- मोहम्मद खलील) को हिरासत में ले लिया, जो मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित हरिचंदा का रहने वाला है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

नेपाल सीमा से सटे इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप नेपाल की ओर से आई थी या किसी अन्य राज्य से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करों के सिंडिकेट के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!