Thursday, August 27

रक्षाबंधन स्पेशल: रक्सौल के बाजारों में बिखरी रौनक, राखियों के नए ट्रेंड्स और कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स की भारी मांग

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही रक्सौल के बाजारों में जबरदस्त रौनक छा गई है। शहर के मेन रोड, मीना बाजार, स्टेशन रोड और कौड़िहार चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में राखियों और उपहारों की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं। इस बार रक्सौल के रक्षाबंधन बाजार में न सिर्फ पारंपरिक खरीदारी की बहार है, बल्कि नए ट्रेंड्स, प्रीमियम क्वालिटी और कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स ग्राहकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।

बाजार में राखियों के नए स्टाइल और स्पेशल कलेक्शन की भरमार देखी जा रही है। बहनें पारंपरिक सूती और रेशमी धागों के साथ-साथ ओरिजिनल रुद्राक्ष, बारीक नक्काशीदार चंदन, रियल पर्ल, क्रिस्टल स्टोन, मेटल फिनिश, फैंसी डिजाइन और इको-फ्रेंडली सीड-राखियों की जमकर खरीदारी कर रही हैं। वहीं, छोटे बच्चों के लिए स्किन-फ्रेंडली सिलिकॉन मैटेरियल से तैयार 3D कार्टून कैरेक्टर, खिलौने, लाइटिंग, स्पिनर और सुपरहीरो थीम वाली राखियां दुकानों पर विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

दूसरी तरफ, भाइयों द्वारा बहनों को देने वाले उपहारों की खरीदारी भी तेजी से जोर पकड़ रही है। बाजारों में कपड़े, मिठाई, आभूषण, ब्रांडेड घड़ी, पर्स, बैग, कॉस्मेटिक किट, परफ्यूम, पर्सनलाइज्ड फोटो फ्रेम, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स के स्पेशल हैम्पर्स की मांग काफी बढ़ गई है।

राखी व्यवसायी विकास कुमार, मुकेश कुमार, ओम प्रकाश ठाकुर, मंटू ठाकुर और कन्हैया कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार बाजार में हर बजट के अनुकूल और बेहतरीन फिनिशिंग वाली राखियां उपलब्ध हैं, जिससे हर वर्ग के लोग अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार को लेकर मिठाई दुकानों पर भी खास तैयारियां चल रही हैं। दुकानदारों को पूरा भरोसा है कि पर्व से एक-दो दिन पहले ग्राहकों की भीड़ और बढ़ेगी, जिससे व्यापार में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!