Thursday, August 27

नेपाल का तस्कर, बिहार की बाइक और सीट के नीचे 4.4 किलो गांजा: हरैया में एसएसबी और पुलिस ने दबोचा

रक्सौल (VOR Desk)। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी सख्ती के बावजूद तस्कर नशीले पदार्थों की खेप सीमा पार कराने के लिए नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं। हालांकि, हरैया पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मुस्तैदी ने तस्करी के ऐसे ही एक अनोखे हथकंडे का भंडाफोड़ कर दिया है। सीवान टोला के पास चलाए गए संयुक्त जांच अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जब उसकी बारीकी से जांच की, तो बाइक की सीट के नीचे बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखा गया 4.426 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

मौके से दबोचे गए तस्कर की पहचान नेपाल के पर्सा जिले के सुगौली थाना अंतर्गत कुहड़ी निवासी अवध किशोर प्रसाद (पिता- ढग राउत) के रूप में हुई है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि भारतीय क्षेत्र में गांजे की इस खेप को खपाने के लिए सीट के नीचे गुप्त खाना (कैविटी) बनाया गया था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके से नशे की खेप और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को जब्त कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीमा पार से नेपाली तस्कर की इस गिरफ्तारी के बाद भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त बढ़ा दी है और मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच अभियान और तेज कर दिया गया है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!