Friday, August 21

रक्सौल:सोलर मेले में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़, 36 ने कराया आवेदन

प्रचार वाहन को हरि झंडी, एक दर्जन स्टॉलों पर मिली योजना की जानकारी

रक्सौल।(Vor desk)। घर की छत से बिजली उत्पादन और बिल में बचत का रास्ता जानने के लिए शुक्रवार को रक्सौल अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित सोलर मेले में उपभोक्ताओं की अच्छी भागीदारी रही। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एनबीपीडीसीएल के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रक्सौल की ओर से आयोजित मेले में 36 उपभोक्ताओं ने सोलर सिस्टम के लिए आवेदन किया।

मेले का उद्घाटन मोतिहारी के अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार वाहन को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। मेले में विभिन्न बैंकों और अधिकृत सौर ऊर्जा कंपनियों के एक दर्जन स्टॉल लगाए गए थे। यहां उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, बिजली उत्पादन, बिल में बचत, सरकारी अनुदान और बैंक से मिलने वाली वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रही।

स्टॉलों का निरीक्षण कर ली जानकारी

अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन ने मेले के सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सौर ऊर्जा एजेंसियों के प्रतिनिधियों से उपलब्ध सिस्टम, योजना और उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं की तकनीकी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।

मेले में बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों के लिए अलग काउंटर लगाया गया था। यहां बिल में गड़बड़ी समेत अन्य शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया।

विद्युत कार्यपालक अभियंता अजय कुमार (रक्सौल) और प्रदीप कुमार (मोतिहारी) ने उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च में कमी के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

मौके पर विद्युत विभाग के आईटी मैनेजर सुजीत कुमार, रक्सौल अवर प्रमंडल के सहायक अभियंता सुनील रंजन, शहरी कनीय अभियंता रवि कुमार, ग्रामीण कनीय अभियंता मनीष कुमार, विभिन्न बैंकों के कर्मी तथा सीके इंटरप्राइजेज, पार्वती ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड समेत कई सौर ऊर्जा एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!