
नेपाल में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी ‘धक-धक इंडिया’ की झलक
रक्सौल।(Vor desk)। भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस नेपाल के वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। महावाणिज्यदूत ने इस अवसर पर भारत के राष्ट्रपति का स्वतंत्रता दिवस संदेश भी पढ़कर सुनाया।

16 स्कूलों के बच्चों ने बांधा समां
समारोह का मुख्य आकर्षण वीरगंज के 16 विद्यालयों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने भारतीय संस्कृति, विविधता और राष्ट्रीय एकता की शानदार झलक पेश की। विशेष रूप से सक्षम बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। नेपाल की धरती पर इन प्रस्तुतियों के बीच ‘धक-धक इंडिया’ की छाप साफ नजर आई।


महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीना ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों और विशेष रूप से सक्षम बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

क्विज और चित्रकला के विजेता भी सम्मानित
विदेश मंत्रालय की ‘भारत को जानिए’ क्विज प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को भी समारोह में पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में पर्सा और बारा जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, भारतीय समुदाय के सदस्य तथा भारत-नेपाल मैत्री से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। BiCCI, NIFA, NYEF, NiCCI और पतंजलि सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
नेपाल की धरती पर तिरंगे की शान, ‘वंदे मातरम्’ की गूंज और बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने भारत-नेपाल के गहरे जन-जन के संबंधों और सांस्कृतिक निकटता की मजबूत तस्वीर पेश की।
