Thursday, August 13

वीरगंज में ब्राउन शुगर के साथ भारतीय युवक गिरफ्तार

कृष्णा प्रणामी चौक पर संदिग्ध हालत में घूमते मिला युवक, जेब से बरामद हुआ 16.57 ग्राम मादक पदार्थ

रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल के पर्सा जिले में मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 16.57 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के पंटोका श्रीपुर ग्राम पंचायत-1 निवासी 25 वर्षीय शत्रुधन पासवान के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर चौक पर पहुंची पुलिस टीम

जिला पुलिस कार्यालय, पर्सा के अनुसार रविवार रात वीरगंज महानगरपालिका-14 स्थित कृष्णा प्रणामी चौक में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने की विशेष सूचना मिली थी। इसके बाद जिला पुलिस कार्यालय पर्सा और लागू औषध नियन्त्रण ब्यूरो, वीरगंज की संयुक्त विशेष टीम को मौके पर भेजा गया।

पुलिस टीम ने कृष्णा प्रणामी चौक की सड़क पर संदिग्ध स्थिति में पैदल जा रहे शत्रुधन पासवान को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से प्लास्टिक में रखा ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ।

प्लास्टिक समेत 18.80 ग्राम, हटाने पर 16.57 ग्राम

पुलिस के मुताबिक बरामद पदार्थ का वजन प्लास्टिक समेत 18 ग्राम 80 मिलीग्राम था। प्लास्टिक हटाने के बाद मादक पदार्थ का वास्तविक वजन 16 ग्राम 57 मिलीग्राम पाया गया।

पर्सा पुलिस के प्रवक्ता सह डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल ने बताया कि शत्रुधन पासवान को बरामद मादक पदार्थ के साथ हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!