
100 मीटर से ज्यादा सड़क पर पानी ही पानी, छह इंच ऊंची बैंक रोड ने बिगाड़ी निकासी; लाखों की पाइपलाइन जाम, दोनों तरफ नाला तक नहीं
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के वार्ड-6 का ओल्ड आईओसी रोड इन दिनों सड़क नहीं, जलजमाव का दलदल बन गया है। 100 मीटर से अधिक हिस्से में पानी जमा है और राहगीरों से लेकर दुकानदारों तक की परेशानी बढ़ गई है। विडंबना यह है कि जलनिकासी के लिए लाखों रुपये खर्च कर पाइप और चार चेंबर वाला नाला बनाया गया, लेकिन अब पाइप अवरुद्ध होने से पूरी व्यवस्था ही ठप है।
रेलवे रोड और बैंक रोड को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर स्टेशन रोड की तरफ से आने वाला पानी, जाम नाला और टूटी सड़क मिलकर समस्या को विकराल बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री शहरी समग्र योजना के तहत बुडको से बैंक रोड का निर्माण होने के बाद सड़क करीब छह इंच ऊंची हो गई। नतीजा यह हुआ कि ओल्ड आईओसी रोड का पानी आगे निकलने के बजाय सड़क पर ही ठहरने लगा।
लाखों खर्च, फिर भी निकासी बंद
स्थानीय लोगों के अनुसार, ओल्ड आईओसी रोड के पानी को रेलवे रोड के बड़े नाले तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद ने पाइप और चार चेंबर वाला नाला बनवाया था। इस काम में लाखों रुपये खर्च हुए थे। लेकिन रेलवे रोड में लीज के तहत बन रहे मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य के दौरान पाइप अवरुद्ध हो गया।
पाइप बंद होने के बाद जलनिकासी व्यवस्था बेअसर हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान जलनिकासी और जनसुविधा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। दूसरी ओर, ओल्ड आईओसी रोड के दोनों तरफ नाला नहीं होने से पानी निकालने का दूसरा रास्ता भी नहीं है।
बाजार का रास्ता, फिर भी बदहाली
यह सड़क शहर के बाजार तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। नेपाल से आने वाले ग्राहक भी इसी मार्ग से शहर के बाजार की ओर आते हैं। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। राहगीरों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय अनिल कुमार, विनोद अग्रवाल, सुरेश प्रसाद और रितेश कुमार ने बताया कि सड़क पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने जुलाई 2026 में नगर परिषद के सहयोग शिविर में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि शिकायत, बोर्ड में मामला उठने और जलनिकासी के लिए पहले से व्यवस्था होने के बावजूद ओल्ड आईओसी रोड कब तक पानी में डूबा रहेगा? स्थानीय लोगों की मांग है कि बंद पाइप को तत्काल दुरुस्त कराने के साथ दोनों ओर स्थायी नाला बनाया जाए, ताकि हर बारिश में सड़क के तालाब बनने की नौबत न आए।
बोर्ड में उठा मामला, कार्रवाई का इंतजार
वार्ड पार्षद घनश्याम प्रसाद ने बताया कि जलजमाव का मामला नगर परिषद बोर्ड की बैठक में उठाया गया है और लिखित शिकायत भी दी गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड में लीज पर बन रहे मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण से जलनिकासी का पाइप अवरुद्ध हुआ है। नगर परिषद ने पहले पाइप और चार चेंबर वाला नाला बनाकर उसे रेलवे के बड़े नाले से जोड़ा था। समस्या के समाधान के लिए पहल की जा रही है।
स्थल निरीक्षण कर समाधान का दावा
नगर परिषद की कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने कहा कि स्थल निरीक्षण कराया जाएगा और जल्द समाधान की पहल होगी।
