
रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल के पर्सा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 105 किलो अवैध गांजा के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेतिया जिले के भंगहा श्रीनगर-3 निवासी 50 वर्षीय सउर चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर मामले की जांच तेज कर दी है।
सोनवर्षा में संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के अनुसार मादक पदार्थ की बिक्री, वितरण और तस्करी की सूचना पर सोमवार रात इलाका प्रहरी कार्यालय पटेर्वासुगौली और इलाका प्रहरी कार्यालय ठोरी की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम पटेर्वासुगौली गांवपालिका-3 के सोनवर्षा पहुंची थी।
इसी दौरान सड़क किनारे खेत के पास बोरा लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली। बोरे की जांच में प्लास्टिक पैकेट में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
प्लास्टिक पैकेट छोड़ 105 किलो गांजा
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का वजन प्लास्टिक पैकेट को छोड़कर 105 किलो है। भारी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने सउर चौधरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और बरामद मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता एवं डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल ने बताया कि भारतीय नागरिक को 105 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसके अलावा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
