
पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद के पैतृक आवास में भीषण चोरी, दिल्ली में इलाजरत प्रसाद ने सोशल मीडिया पर जताई चिंता; प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
रक्सौल।(Vor desk)। आदापुर प्रखंड के भेड़िहारी गांव स्थित बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद एवं शिवहर की पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक आवास में भीषण चोरी की घटना से क्षेत्र में सनसनी है। दिल्ली में इलाज करा रहे पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से ठोस और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वे पिछले करीब दो महीने से दिल्ली में उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए रह रहे हैं। घर पर किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि उनका पैतृक घर हमेशा आम लोगों के लिए खुला रहा है और कभी विशेष सुरक्षा की जरूरत महसूस नहीं हुई। ऐसी घटना होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
‘सुरक्षा आम लोगों के लिए भी सुनिश्चित हो’
रक्सौल से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ चुके कद्दावर महागबंधन नेता सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्यामबिहारी प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में उनकी मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात से फोन पर बात हुई है। उन्होंने मामले में ठोस और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा केवल नेताओं के लिए नहीं, आम जनता के लिए भी पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोषियों पर जल्द कार्रवाई होगी और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम होगा।
पांच कमरों के ताले टूटे, चाबियों का गुच्छा मिला
घटना की जानकारी 9 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे मिली। घर की देखभाल करने वाले ग्रामीण भिखारी पटेल ने मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो पांच कमरों के ताले टूटे मिले। घटनास्थल पर चाबियों का गुच्छा भी पड़ा था। आशंका है कि चोर चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए।
परिवार के घर पर नहीं होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कौन-कौन से और कितने सामान की चोरी हुई है। पूर्व मंत्री ने बताया है कि वह 12 अगस्त को परिवार के साथ घर लौटेंगे, जिसके बाद वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।
प्राथमिकी दर्ज, एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर अंचल निरीक्षक रंजय कुमार और आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर को सील कर दिया। बाद में डिप्टी एसपी सह प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल प्रीतिश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी ली।
चोरी के उद्भेदन के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी जांच की तथा घटनास्थल से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। मामले में पूर्व मंत्री स्व. बृज बिहारी प्रसाद के पुत्र अनिल कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
आदापुर की पुलिसिंग पर उठे सवाल
पूर्व मंत्री के घर में हुई चोरी के बाद आदापुर थाना क्षेत्र की पुलिसिंग और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लंबे समय से खाली पड़े एक प्रमुख राजनीतिक परिवार के पैतृक आवास में चोरी होना पुलिस की निगरानी व्यवस्था के लिए भी चुनौती माना जा रहा है। अब मामला वरिष्ठ अधिकारियों की जांच की निगरानी में है और पुलिस के सामने चोरों की पहचान, चोरी का खुलासा और सामान की बरामदगी बड़ी चुनौती है।
